पीडि़त महिला-पुरुषों ने की न्याय संगत कानूनी कार्यवाही की मांग, घटना को हुआ एक माह
गुना। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंगापुरा जाटव समाज के पीडि़त लोगों ने पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी से न्याय की गुहार लगाते हुए कानूनी कार्यवाही की मांग की है। फरियादियों ने बताया कि गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को लिखित आवेदन दे चुके हैं, लेकिन घटना के एक माह हो जाने के बावजूद भी आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नही की गई। पीडि़त परिवार कार्यवाही ना होने से असंतुष्ट नजर आ रहा हैं और बार बार पुलिस अधीक्षक से कानूनी रूप से न्याय दिलाने की गुहार लगा रहा है।
हम आपको बता दें कि मामला गुना जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सिंगापुरा का है। जहां विगत माह 12-13 दिसंबर 2025 को गुर्जर समाज की लापता हुई लडक़ी के अपरहण का आरोप इसी गांव के जाटव परिवार के एक लडक़े पर लगा था, उस दौरान लापता लडक़ी की मौत हो गई थी। मौत से आक्रोशित लडक़ी के परिजन और समाज के लोगों ने जाटव परिवार पर हमला कर दिया। घरों में तोडफ़ोड़ कर नगदी, जेवर, अनाज, समान, मवेशी और भैंसे सब कुछ लूटकर ले गए थे। इतना ही नही पीडि़त परिवार ने जेसीबी से घरों में तोडफ़ोड़ करने का आरोप भी लगाया है। शिकायतकर्ता जाटव परिवार ने बताया कि घटना की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर, एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा भी लिया था। उस वक्त जाटव परिवार के एक लडक़े को पुलिस ने आरोपी बनाया और उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है।
एक माह बाद न्याय के लिए एसपी से मिला पीडि़त परिवार
घटना को एक माह से ज्यादा समय होने के बाद भी जाटव समाज की सुनवाई न होने के बाद 21 जनवरी 2026 की देर शाम पीडि़त जाटव परिवार के लोगों ने गुना पुलिस अधीक्षक से एक बार फिर लिखित में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई हैं। जाटव परिवार का कहना है कि जिस लडक़े पर गुर्जर समाज की लडक़ी के अपहरण का आरोप था वह व्यक्ति अब जेल में है। हमारे घरों पर की गई लूटपाट का सामान पुलिस प्रशासन हमें वापस दिलाए जिससे उन्हें न्याय मिल सके। आज स्थिति ये है कि घरों में बर्तन तक नहीं है, खाने पीने का अनाज घर गृहस्थी का कुछ भी सामान नहीं है वह गुर्जर समाज के लोगों ने सब कुछ लूट लिया। दोबारा घर गृहस्थी को संभालना बहुत पीड़ादायक है इसलिए शासन प्रशासन हमारी मदद करे।
इनका कहना है
इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, कानूनी कार्रवाई जारी है और भैंसों की भी तलाश की जा रही है।
अंकित सोनी, पुलिस अधीक्षक गुना

