म्याना रोड के कायाकल्प को मंजूरी, 70 लाख से बनेगी आधुनिक सडक़
म्याना में भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस, पगारा में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के ठहराव का किया उद्घाटन
गुना। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कल म्याना में उन्होंने भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस (12197) और पगारा में भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814) के नवस्वीकृत ठहराव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा विकास की जयघोष और ट्रेन की सीटी के साथ आज मैं म्याना और पगारा आया हूँ। यह केवल एक रेलगाड़ी का ठहराव नहीं, बल्कि इस मिट्टी के विकास और आगे बढ़ते सफर की कहानी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे की यह कनेक्टिविटी आसपास के क्षेत्रों के लोगों को देश के कोने-कोने से जोडऩे का सशक्त माध्यम बनेगी और शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुँच को और सरल बनाएगी। केंद्रीय मंत्री ने भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814) के ठहराव की घोषणा करते हुए कहा कि गुरूवार की यह शाम पगारा की जनता के नाम है। मैं पगारा स्टेशन पर भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव लेकर आया हूँ। उन्होंने इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
जहाँ गुना में कभी 2 ट्रेनें आती थीं, आज 70 ट्रेनें आती है
सिंधिया ने कहा कि एक समय था जब गुना में केवल 2 ट्रेनें आती थीं, आज यहाँ 70 से अधिक ट्रेनें आती हैं। बीते 20 वर्षों में नई सोच और नई कल्पना के आधार पर रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि आज गुना से मुंबई-झांसी की रिवर्स ट्रेन, पुरी, इंदौर-चंडीगढ़, पश्चिम से दक्षिण भारत तक की ट्रेनें, अमृतसर (स्वर्ण मंदिर) और हावड़ा तक की सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुना मेरी दिल की धडक़न है। जब-जब मैं गुना आता हूँ, कुछ न कुछ साथ लेकर आता हूँ। यह तो केवल शुरुआत है, गुना के लिए और भी बड़े कार्य आने वाले हैं।
म्याना स्टेशन को 6 करोड़ की लागत से मिला आधुनिक स्वरूप
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि 6 करोड़ की लागत से म्याना रेलवे स्टेशन का पूर्ण नवीनीकरण कराया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था एवं आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही ग्वालियर इंटरसिटी और भोपाल–ग्वालियर एक्सप्रेस का ठहराव मयाना में सुनिश्चित किया गया है, जिससे अब क्षेत्र के लोगों को गुना जाकर ट्रेन पकडऩे की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
देश के कोने-कोने से जुड़ रहा है गुना-म्याना-पगारा क्षेत्र
सिंधिया ने कहा कि सिंधिया परिवार ने रेलवे विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है और आज उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए इस क्षेत्र को आधुनिक भारत की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। सिंधिया परिवार द्वारा शुरू की गई ग्वालियर-पुणे, ग्वालियर-बेंगलुरु, बनारस-कोटा जैसी ट्रेनों के माध्यम से अब इस अंचल की जनता देश के हर कोने तक आसानी से पहुँच रही है, जिससे युवाओं, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा वर्ग के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
म्याना रोड के लिए 70 लाख की स्वीकृति
मंच से घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मयाना रोड के विकास कार्य को स्वीकृति दे दी गई है, जिसके तहत 70 लाख का टेंडर लगाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आने वाले दिनों में लगभग 2 किलोमीटर लंबी उच्च गुणवत्ता वाली आधुनिक सडक़ का निर्माण किया जाएगा, जिससे म्याना की जनता को धूल, जाम और असुविधा से स्थायी राहत मिलेगी। इस अवसर पर कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार,ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, हीरेन्द्र सिंह चौहान, नपा अध्यक्ष सविता गुप्ता, अंकुर श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

