ग्राम गढ़लागिर्द में लगभग 3.06 लाख रुपये की मदिरा एवं लाहन जब्त
गुना। जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरूद्ध लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है। गुरूवार आबकारी विभाग ने ग्राम गढ़लागिर्द में पारदियों के डेरों पर दबिश दी। जिसमें 3 लाख रूपये से अधिक की मदिरा और लाहन जप्त किया गया।
दरअसल कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल गुना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान एवं संदीप शर्मा उपायुक्त संभाग ग्वालियर के निर्देशन में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रह, परिवहन एवं जहरीली शराब के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में गुरूवार आबकारी वृत्त गुना-1 के प्रभारी राधाकिशन अटारिया, के द्वारा ग्राम गढ़ला गिर्द में पारदियो के डेरो में दबिश दी गई। इस दौरान आबकारी पुलिस को देखकर पारदियों में अफरा तफरी मच गई। मुखबिर द्वारा बताए गए चिन्हित स्थान पर देखा तो जंगल के पठार से भारी मात्रा में टंकिया गाढ़ी हुई थी, जिनमें भारी मात्रा में लाहन भरा हुआ था। आबकारी प्रभारी राधाकिशन अटारिया ने बताया कि लोहे एवं प्लास्टिक की बड़ी टंकियों में लगभग 3000 किलोग्राम गुड़ लाहन था जिससे मदिरा बनाने की तैयारी चल रही थी। लाहन को लाने की असमर्थता के कारण मौके पर ही सैंपल लेकर नष्ट कर दिया गया। मौके से 25 लीटर, हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई। आरोपी महिला शिवानी पत्नी अक्षय पारदी, पूजा पत्नी विक्की पारदी एवं कृष्णा पिता नीतू पारदी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1), 49(ए) एवं 34आई(एफ) के तहत 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। उक्त लाहन एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य 306252 लाख रुपये है। फिलहाल इस तरह की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। उक्त कार्यवाही में आबकारी मुख्य आरक्षक रामहेत कुशवाह, महिला आरक्षक टीना वर्मा, पूजा रघुवंशी, दिनेश कुमार राठौर एवं गोविंद मीना की भूमिका सराहनीय रही। आबकारी विभाग लगातार अपनी कार्यवाही में सजगता दिखा रहा है जिसके चलते सडक़ हादसे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वाद-विवाद की घटनाओं पर काफी हद तक विराम लगा है।

