जनसुनवाई में पहुंचे आक्रोशित हितग्राहियों ने सरपंच-सचिव के खिलाफ कलेक्टर से की कार्यवाही की मांग
आरी, नेगमा, रानीगंज, भावपुर, चीलखेड़ा में एक भी अहिरवार समाज के हितग्राही को नही दिया आवास
सरपंच-सचिव जानबूझकर आवास एवं शौचालय तथा अन्य शासकीय योजनाओं से रख रहे वंचित
गुना। शासन-प्रशासन के द्वारा तमाम दावे और वायदे किए जाते हैं, वे हमेशा खोखले साबित होते हैं। नेताओं और जनप्रतिनिधियों के द्वारा भी समय-समय पर घडिय़ाली आंसू बहाए जाते हैं, वो भी सिर्फ दिखावटी, झूठी सहानुभूति, झूठा वायदा और बनावटी मात्र होते हैं। इसी का नतीजा है कि आज धरातल पर लोग अधूरे सपने लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं और कलेक्टर की दहलीज पर अपने काम पूरा कराने बार-बार घूम रहे हैं।
दरअसल ऐसा ही एक ताजा उदाहरण जिले के नजदीक ग्राम पंचायत नेगमा के ग्राम आरी में अहिरवार समाज के हितग्राहियों के प्रति जिम्मेदारों की उदासीनता और भेदभाव करने का सामने आया है। कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे आक्रोशित हितग्राहियों ने सरपंच-सचिव के खिलाफ कलेक्टर से कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने बताया कि साहब नेगमा पंचायत में आरी, नेगमा, रानीगंज, भावपुर और चीलखेड़ा गांव आते हैं जिनमें रहने वाले एक भी अहिरवार समाज के व्यक्ति को आवास का लाभ नही दिया गया। लगातार एक विशेष वर्ग के लोगों के साथ चुनावी रंजिश के चलते सरपंच-सचिव और जीआरएस के द्वारा मूलभूत सुविधाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों ने पंचायत पर भेदभाव और विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
हम आपको बता दें कि कलेक्टर से की गई शिकायत में नेगमा पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि अहिरवार समाज के हितग्राहियों के साथ वर्षों से भेदभाव हो रहा है। वर्तमान में सरपंच लीलाबाई पटेलिया है जिसकी सरपंची गांव के ही दबंग लोगों के द्वारा की जा रही है। वहीं सचिव दिनेश साहू के द्वारा भी लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका ग्रामीणों की समस्या पर कोई ध्यान नही है और ना ही वे पंचायतवासी गरीब अहिरवार, आदिवासी लोगों का फोन रिसीव करते। जिनके द्वारा कोई भी सर्वे होगा तो वे अपनी मनमर्जी से पूरा कर लेते हैं। इसी का नतीजा है कि पूरी पंचायत में 5 गांव आते हैं और आज 137 हितग्राही आवास सूची में से एक भी अहिरवार समाज के व्यक्ति को लाभ नही दिया गया।
आवास सूची का भौतिक सत्यापन कर पात्र परिवार को लाभ देने की मांग
ग्राम पंचायत नेगमा की वर्तमान आवास सूची का भौतिक सत्यापन कराकर पात्र परिवारों को लाभ देने की मांग ग्रामीणों ने की है। उन्होंने बताया कि सरपंच-सचिव अहिरवार समाज के लोगों से व्यक्तिगत विरोधाभास रखते हैं। इसके चलते वह आवास, शौचालय तथा अन्य शासकीय लाभ से वंचित हैं और अन्य सभी समाज के लोगों तथा चार पहिया वाहन वालों व पूर्व से पक्के मकान होने के बाबजूद भी उन्हे प्रधानमंत्री आवास एंव शौचालय दिया गया। वर्तमान में देवेंन्द्र पाल पुत्र अनंतसिंह पाल का मकान भगतसिंह कालोनी गुना में हैं जिसको आवास योजना का लाभ दिया गया है। ऐसे और भी हितग्राही है जिनको आवास योजना सहित अन्य लाभ दिए गए हैं।

