पुलिस चलानी कार्यवाही में मस्त, शहर में आए दिन हो रहे हादसे
गुना। कुशमोदा इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब एक हत्यारे तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बाइकों को ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए, वहीं एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। इस घटनाक्रम से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और यातयात प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चुकी एक ओर पुलिस रोजाना चालानी कार्यवाही में मस्त है तो वहीं दूसरी ओर शहर में हर रोज हो रहे हादसों की ओर गंभीर नहीं है उन्हें अनदेखा किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा सुबह 11:30 बजे के करीब हुआ। जब एक ट्रक चिंताहरण से मक्का लेकर शहर की ओर आ रहा था और माल गोदाम की तरफ जा रहा था ओवरटेक के दौरान ट्रक ने तीन बाइकों को टक्कर मारी।
उक्त घटना में कैलाश बाबू धाकड़ और उनके पिता दौलतराम धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। वे उदयपुरी से गुना इलाज के लिए आ रहे थे। वहीं राजकुमारी सिसोदिया, जो अपने पति के साथ राघौगढ़ से गुना आ रही थीं, घायल हो गईं। शिवनंदन शर्मा (28) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक के नीचे फंसने के कारण उनके शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह अलग हो गया।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस को ट्रक बजरंगगढ़ बायपास पर खड़ा मिला। ट्रक में मक्का भरी हुई थी।
इस हादसे ने फिलहाल सडक़ सुरक्षा की गंभीरता को एक बार फिर उजागर किया है। इस मामले में कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

