तीन दिन के मंडी अवकाश से परेशान किसानों ने आरोन मंडी गेट पर लगाया जाम
गुना। मक्का की बंपर फसल के चलते मंडियों में कृषि उपज की आवक बढ़ गई है। वहीं, त्योहारी सीजन में दीपावली मनाने के लिए घर लौटने की तैयारी कर रहे किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है। नवरात्रि और दशहरा के बाद लगातार तीन दिन की मंडी छुट्टी के चलते किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में रुकने को मजबूर हैं। शुक्रवार को आरोन मंडी में डाक नीलामी से छूट जाने से परेशान किसानों ने मंडी गेट पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर एसडीएम आरोन मंजूषा खत्री, कार्यपालक मजिस्ट्रेट अमित जैन, मंडी सचिव रामकृष्ण लोढ़ा, थाना प्रभारी रविंद्र सिंह सिकरवार, नगर परिषद सीएमओ दिनेश कुमार सोनी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर जाम खुलवाया, लेकिन किसान मंडी में उपज की डाक शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे। किसानों का कहना था कि वे कई दिनों से अपनी उपज बेचने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में मंडी में नीलामी नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर शाम तक किसानों की समस्या के समाधान के लिए भारसाधक अधिकारी, मंडी प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों के बीच चर्चा चलती रही।
प्रशासन ने निकाला समाधान, शनिवार को होगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की नीलामी
किसानों की परेशानी को देखते हुए आरोन मंडी प्रशासन ने राहत देने का निर्णय लिया है। इसके तहत शुक्रवार को मंडी में पहुंचे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की गिनती कर पर्चियां वितरित की जाएंगी। इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लाई गई उपज की डाक नीलामी शनिवार को की जाएगी। इसके बाद व्यापारियों द्वारा किसानों को उनकी उपज का भुगतान मंगलवार को किया जाएगा। मंडी प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की नई एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन के इस फैसले से मंडी में पहले से मौजूद किसानों की उपज की नीलामी का रास्ता साफ हुआ है। वहीं, दीपावली से पहले उपज बेचकर घर लौटने की तैयारी कर रहे किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
हाथ ठेला चालकों को प्रशासनिक अमले ने कराया व्यवस्थित
आरोन नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे लगने वाले हाथ ठेलों को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई की। इस दौरान हाथ ठेला चालकों को निर्धारित स्थान पर ठेले लगाने और आवागमन में बाधा नहीं डालने की समझाइश दी गई। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।

