छोटी सी बच्ची को बनाया बंधक, ग्रामीण हावी होते ही 12 बोर बंदूक छोड़कर भागे बदमाश
गुना। जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र की झागर चौकी अंतर्गत बेरखेड़ी गांव में एक बार फिर चोरी की वारदात के दौरान फायरिंग करने का मामला सामने आया है। मंगलवार, बुधवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे चोरी करने पहुंचे चार बदमाशों ने ग्रामीणों के सामने आने पर 12 बोर की बंदूक से फायरिंग कर दिए। इस घटना में तीन ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद बदमाश 12 बोर बंदूक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना में गांव के रंजीत धाकड़, वीरेंद्र धाकड़ और पड़ोसी मोहन मोगिया को गोली लगने से घायल बताया जा रहा है। तीनों घायलों को रात में ही गुना अस्पताल लाया गया। रंजीत धाकड़ की हालत को देखते हुए उन्हें रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।
ग्रामीणों का सामना होते ही की फायरिंग
ग्रामीणों के मुताबिक, चोरी की वारदात के दौरान बदमाशों ने एक छोटी बच्ची को बंधक बना लिया था। इसी बीच ग्रामीणों के सामने आने पर बदमाशों ने 12 बोर की बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हड़बड़ाहट में बदमाश बंदूक मौके पर छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों के अनुसार, बदमाशों का हुलिया और बोली पारदी समुदाय के लोगों जैसी बताई जा रही है। हालांकि, उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
15 दिन पहले भी हुई थी वारदात
गौरतलब है कि बेरखेड़ी गांव में करीब 15 दिन पहले भी पारदी लोगों के द्वारा लूट की घटना सामने आई थी। अब एक बार फिर हुई इस वारदात और फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

