करीब एक माह से थीं लापता, कुम्भराज थाना पुलिस की कार्रवाई की समाजजनों ने की सराहना, थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों का किया सम्मान
गुना। कुम्भराज थाना क्षेत्र से करीब एक माह पहले लापता हुईं दो नाबालिग बहनों को पुलिस ने गुजरात के बड़ोदरा से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दोनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के माध्यम से उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की तत्परता और प्रयासों की सराहना करते हुए परिजनों एवं समाजजनों ने कुम्भराज थाना परिसर में थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ का सम्मान किया।
15 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की सूचना
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को कुम्भराज थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय और 16 वर्षीय दो नाबालिग बहनें बिना बताए घर से चली गई थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने उसी दिन अपराध क्रमांक 168/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
मुखबिर तंत्र और तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल और उनकी टीम ने बालिकाओं की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साथ ही विभिन्न तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार जानकारी जुटाई गई।
पुलिस को दोनों बालिकाओं के गुजरात के बड़ोदरा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद कुम्भराज थाने की टीम तत्काल बड़ोदरा रवाना हुई। पुलिस ने 25 अक्टूबर 2026 को दोनों नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब कर कुम्भराज पहुंचाया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को बाल कल्याण समिति के माध्यम से उनके परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम का सम्मान
दोनों नाबालिगों को सुरक्षित तलाशने में मिली सफलता पर उनके परिजनों एवं समाजजनों ने कुम्भराज थाना पुलिस की सराहना की। इस अवसर पर थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल सहित पुलिसकर्मियों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें बधाई दी गई। समाजजनों ने भविष्य में भी इसी तरह तत्परता से कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।
इन पुलिसकर्मियों का रहा योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक कैलाशनारायण जटिया, सहायक उपनिरीक्षक रेखा नामदेव, प्रधान आरक्षक सलीम खान, शिवकुमार रघुवंशी एवं आलोक भदौरिया, आरक्षक सत्येन्द्र रावत, धर्मवीर सिंह, दिलीप धाकड़, सुनील धाकड़, आलम जमरा एवं दिलीप साहू, महिला आरक्षक पिंकी सोलंकी तथा साइबर सेल के आरक्षक भूपेन्द्र खटीक और अभय रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

