बमौरी के सिरसी थाना क्षेत्र में जमीनी रंजिश के चलते फायरिंग, भाजपा जिला मंत्री के छोटे भाई की मौत
बेटा शांतनु आईसीयू में भर्ती, बड़े भाई और भतीजे पर हत्या का आरोप
गुना। गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारेठा में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में खून के रिश्तों में दरार पड़ गई और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना रविवार रात करीब 8 बजे की बताई गई है जिसमें विजय यादव की गोली मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि गंभीर हालत में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने का आरोप विजय यादव के बड़े भाई भरत सिंह यादव के बेटे विशाल पर है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बताया जा रहा है कि परिवार में वन विभाग की करीब 500 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। विजय यादव को गोली लगने के बाद परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उनकों मृत घोषित कर दिया। जबकि उनके बेटे शांतनु यादव को भी घायल होने से आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर विजय के बड़े भाई और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाने वाले भाजपा नेता वीर बहादुर सिंह सारेठा को घटना में भाई की मौत की खबर सुनने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, उनको भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में एसडीओपी हेमंत पांडेय ने बताया कि इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें एक विशाल यादव और दूसरा भरत यादव शामिल हैं।

