आवेदक के स्वामित्व एवं आधिपत्य के भू-खण्ड पर भी बलपूर्वक कब्जा करने की कोशिश
पीडि़त महिला ने कलेक्टर, एसपी और एसडीएम से की शिकायत के बदले मिल रही जानलेवा धमकी
गुना। जिले में जमीनों के भाव सोने-चांदी की तरह बढ़ रहे हैं। ऐसे में जिले के तमाम कॉलोनाईजर और भूमाफियाओं की निगाहें शासकीय जमीनों और गरीबों की भूमि हथियाने की ओर गढ़ी हुई हैं। यह भूमाफिया शहर से गुजरे नेशनल हाईवे 46 वायपास के आसपास और उससे सटी हुई शासकीय भूमि पर कब्जा करने में लगे हुए हैं।
दरअसल ऐसा ही एक मामला ग्राम पिपरोदाखुर्द में सामने आया है जहां एक भूमाफिया सुरेश सिंह के द्वारा अपनी भूमि सर्वे क्रमांक 195/2/4/1/1/1 की आढ़ में शासकीय भूमि को खुलेआम बैंच रहा है और प्रशासन मौन बना हुआ है। इतना ही नही उक्त भूमाफिया सुरेशसिंह के द्वारा आवेदिका के स्वामित्व एवं आधिपत्य का भू-खण्ड ग्राम पिपरोदाखुर्द प.ह.न.00 तहसील व जिला गुना में स्थित भूमि सर्वे क्रमांक 197/2 में से एक भू-खण्ड जिसका कुल क्षेत्रफल 3420 वर्गफीट स्थित है जो कि आवेदिका द्वारा विधिवत रजिस्टर्ड विक्रय पत्र द्वारा क्रय किया है। जिस पर भी वह कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। आवेदिका श्रीमति शशि रघुवंशी पत्नि शिवनारायण रघुवंशी निवासी-प्रताप छात्रावास के पास कुशवाह की बाड़ी गुना जिला गुना मप्र ने बताया कि उसके भूखण्ड पर पूजा पुत्री सुरेश सिकरवार निवासी बालाजी हॉस्पिटल के सामने गुना द्वारा बलपूर्वक आवेदिका के भू-खण्ड पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश करते हुए आवेदिका के भू-खण्ड पर चार डम्पर मुरम पड़ी हुई थी उसे भी भरकर ले गई। जिसके द्वारा अवैध रूप से बलपूर्वक रामप्रसाद शर्मा पुत्र जगन्नाथ शर्मा निवासी अन्नपूर्णा कालोनी गुना, लक्ष्मीनारायण ओझा पुत्र प्रकाश चंद ओझा निवासी बूढ़े बालाजी गुना, विनय जैन शासकीय शिक्षक निवासी न्यू सिटी कालोनी गुना को उक्त भू-खण्ड का कब्जा सुपुर्द कर दिया है यह तीनों आवेदिका के भू-खण्ड पर निर्माण कार्य कर रहे है। शिकायत करने पर पीडि़त महिला को जान से मारने की धमकी भी दे रही है। पीडि़त आवेदिका ने कलेक्टर, एसपी और एसडीएम से शिकायत कर उच्च स्तरीय जांच कर कठोर कार्यवाही करते हुऐ आवेदिका को न्याय दिलाने की मांग की है।
शासकीय सर्वे क्रमांक 196/2 पर कब्जा कर हो रहा निर्माण
एसडीएम से की गई शिकायत में फरियादी श्रीमती शशि रघुवंशी पत्नी शिवनारायण रघुवंशी ने बताया है कि तहसील गुना के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरौदा खुर्द स्थित भूमि सर्वे क्रमांक 196/2 एस रकबा 0.124 हे. भूमि शासकीय होकर राजस्व दस्तावेजों में इंद्राज है। जिस पर पूजा पुत्री सुरेश सिंह के द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर पक्के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसी शासकीय भूमि से प्रार्थी का निकास रहा है जिस पर भूमाफिया के द्वारा गड्डे खोदकर, पिलर निर्मात कर अवैध निर्माण करने से प्रार्थी का आवागमन पूर्णत: अवरूद्ध कर दिया है। जिस पर से अवैध निर्माण हटाकर कार्यवाही करने की मांग की है।

