सूने मकान के ताले तोडक़र सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चुरा ले गए अज्ञात चोर
गुना। शहर के हीराबाग स्थित लूशन का बगीचा कैंट गोविंद गार्डन क्षेत्र में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक बड़ी चोरी की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल द्वारा जिले की कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए किए जा रहे तमाम प्रयासों के बीच, बेखौफ चोरों ने दोपहर के समय एक सूने मकान का ताला चटकाकर सनसनी फैला दी है। इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र के नागरिकों में असुरक्षा का माहौल है।
घटना को लेकर फरियादी विनायक पुत्र उमेश सिंह रघुवंशी निवासी गोविंद गार्डन ने अपने चाचा अजबसिंह लोधा के साथ कैंट थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे वह और उसकी मां ज्योति रघुवंशी पास ही गुलाबगंज स्थित अपनी नानी के घर गए हुए थे, जबकि उसके पिता गांव पर थे। शाम करीब 5 बजे जब मां-बेटा वापस घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। इस दौरान चोर करीब 15 तौला सोना चोरी कर ले गए
घर के अंदर जाकर देखने पर कमरों के गेट खुले हुए मिले। वहीं अंदर वाले कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा था और सारा सामान बिस्तर पर बिखरा पड़ा था। पीडि़त परिवार के अनुसार, अलमारी को खंगालने पर उसमें रखे सोने के जेवरात जिनमें सोने की चैन, मंगलसूत्र, हार तथा चांदी की पायलें, चांदी के सिक्के, चांदी का चूड़ा और अन्य आभूषण गायब थे। इसके साथ ही अलमारी में रखी करीब 12 हजार रुपये की नगदी भी चोर समेट ले गए। पीडि़त ने शिकायत में करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी सहित एक कीमती मोबाइल गैलेक्सी चोरी होना बताया है। उक्त घटना में कैंट थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

