मुंडन कर सांसद-विधायक और केंद्र सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली
गुना। आरक्षण व्यवस्था में संशोधन, एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग पर रोक और यूजीसी से जुड़े प्रावधानों के विरोध में सवर्ण संघर्ष मोर्चा का आंदोलन बुधवार को उग्र रूप में नजर आया। कार्यकर्ताओं ने मुंडन कराया और सांसद-विधायक व केंद्र सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर जनाक्रोश रैली की।
रैली लक्ष्मीगंज से शुरू होकर जयस्तंभ चौराहा, सदर बाजार, निचला बाजार, रपटा, हाट रोड और हनुमान चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। मोर्चा ने आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा व संशोधन, एट्रोसिटी एक्ट में प्रभावी बदलाव तथा यूजीसी के विवादित प्रावधान वापस लेने की मांग की। संगठन का कहना है कि मांगों पर निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस बल तैनात रहा।
यह आंदोलन मोर्चा द्वारा 3 सितंबर से पुरानी तहसील के सामने शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना भी आंदोलन का हिस्सा है। संगठन के पदाधिकारियों ने संकेत दिए कि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने तक विरोध जारी रहेगा और आने वाले दिनों में भी अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन किए जा सकते हैं। हालांकि बुधवार के बाद किसी नए कार्यक्रम की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई।

