स्कूलों, मंदिरों और श्मशान परिसर में लगाए दो हजार से अधिक पौधे, हेल्थ कैंप के जरिए लोगों को कैंसर के प्रति किया जागरूक
गुना। कॉम्ट कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्माण कार्यों के साथ साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी लगातार पहल की जा रही है। कंपनी पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है।
इसी क्रम में विगत दिवस कंपनी द्वारा लालोनी, मंगरोड़ा, पाड़ोन सहित आसपास के विभिन्न स्कूलों, मंदिरों एवं श्मशान परिसर में दो हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक करना है। कंपनी द्वारा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखरेख के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के साथ कॉम्ट कंस्ट्रक्शन द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई जा रही है। पिछले दिनों कंपनी ने एमपीआरडीसी के सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर में आमजन को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए इसके प्रारंभिक लक्षण, संभावित कारण, बचाव एवं समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी गई।
इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए कैंसर जागरूकता संबंधी पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनुराम दुबे का कहना है कि सामाजिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और आमजन के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सहित ग्रामीण जन बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

