चांचौड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक की 26 लाख की खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
257.5 ग्राम स्मैक के साथ बाइक जब्त, पूछताछ में सामने आए सप्लायर पर भी एनडीपीएस एक्ट में केस
गुना। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांचौड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 257.5 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत 25 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। पुलिस ने कुल करीब 26 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। पूछताछ के दौरान सामने आए स्मैक सप्लायर को भी पुलिस ने मामले में आरोपी बनाया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 की रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से मृगवास की ओर से चांचौड़ा की तरफ भारी मात्रा में स्मैक लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल चांचौड़ा-मृगवास रोड स्थित चौड़ारेश्वर मंदिर तिराहे पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के अनुसार एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम रंजीत पुत्र रघुवीर मीना, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम रानीखेजड़ा, थाना चांचौड़ा, जिला गुना बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 257.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रंजीत ने बताया कि उसे मृगवास में उसके ही गांव के मोहन पुत्र शांतिलाल साहू, निवासी ग्राम रानीखेजड़ा से स्मैक मिली थी। आरोपी से मिली इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोहन साहू को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 297/26, धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस द्वारा स्मैक की सप्लाई के स्रोत, तस्करी के माध्यमों और जिले में सक्रिय संभावित नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि अरुण प्रताप भदौरिया, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक अशोक वारिया, प्रधान आरक्षक अंकेश मौर्य, प्रधान आरक्षक विष्णु गुर्जर, आरक्षक रोहित भदौरिया, अमित राजावत, नवदीप शर्मा, जसरथ कुशवाह, देवेश धाकड़ एवं राजेश केवट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का विशेष जोर नशीले पदार्थों की खेप पकड़ने के साथ-साथ उनके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने पर है।

