चोरी का कॉपर-एल्युमीनियम वायर और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, करीब एक लाख रुपये का मशरुका जब्त
गुना। कुशमौदा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में इलेक्ट्रिकल्स स्टोर का ताला तोड़कर वायर चोरी करने के मामले में कैंट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अधजली हालत में करीब 30 किलो कॉपर वायर, 31 किलो एल्युमीनियम वायर और वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मशरुके की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, साईं टाउनशिप बीजी रोड निवासी नीरज कुमार ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वे गुना के कुशमौदा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्रशांत इलेक्ट्रिकल्स में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। 18-19 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाश दुकान के स्टोर का ताला तोड़कर कॉपर केबल, एल्युमीनियम तार सहित अन्य सामग्री चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर कैंट थाने में अपराध क्रमांक 771/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी पकड़े
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान 7 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो संदिग्धों सौरभ पुत्र राजेश सिकरवार (29), निवासी बलवंतनगर, गुना और राहुल उर्फ बंटी पुत्र देवीलाल कुशवाह (26), निवासी नजूल कॉलोनी, गुना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अधजली हालत में करीब 30 किलो कॉपर वायर और 31 किलो एल्युमीनियम वायर बरामद किया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, सउनि मिट्ठूलाल बिसोरिया, सउनि गिर्राज जाटव, आरक्षक शुभम रघुवंशी, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक देवेन्द्र नरुका और आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गए माल की बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

