हर्षोल्लास के साथ मनाया सेवा निवृत्ति समारोह, शुभचिंतकों ने बढ़चढकर लिया हिस्सा
गुना। जिला पंचायत के शासकीय शुभ विदाई गार्डन में 28 फरवरी 2026 शनिवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में पंचायत इंस्पेक्टर रामवीर सिंह रघुवंशी के सेवा निवृत्ति अवसर पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। उक्त कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी गई।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में श्री रघुवंशी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। पंचायत व्यवस्था को सुदृढ़ करने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इस अवसर पर सहकर्मियों, शुभचिंतकों ने बढ़चढकर हिस्सा लेते हुए उन्हें शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कई कर्मचारियों ने भावुक शब्दों में उनके मार्गदर्शन और सहयोग को याद करते हुए कहा कि उनका व्यवहार सदैव सरल और प्रेरणादायी रहा है। इस मौके पर जनपद पंचायत गुना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव खरे भी मौजूद रहे। हाल ही में उनका ट्रांसफर गुना से भोपाल हो गया है इसलिए उन्हें भी स्टाफ और पंचायतों के सचिव तथा सरपंचों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी।
अपने उद्बोधन में श्री रघुवंशी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने सहयोगियों और अधिकारियों से हमेशा सहयोग मिला, जिसकी बदौलत वे अपनी जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा सके। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय और ईमानदारी के साथ कार्य करते रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा विभाग जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों की मदद की जाए जिससे वे वर्षों तक याद रखें। उनका जो हक बनता है उसका उन्हें तत्काल लाभ मिलना चाहिए।
समारोह में खंड पंचायत अधिकारी (पंचायत इंस्पेक्टर) जनपद पंचायत गुना में पदस्थ रामवीर सिंह रघुवंशी की सेवानिवृत्त पर सुंदरकांड पाठ आयोजित किया गया। इसके बाद स्नेह मिलन और सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

