गुना जिला मुख्यालय पर धूमधाम से मनाया विश्व आदिवासी दिवस, समाज ने दिखाई एकजुटता
देखते ही बन रहा था आदिवासी समाज का जुनून, पारंपरिक वेशभूषा में उमड़ा जनसैलाब
गुना। “जय जोहार का नारा है, भारत देश हमारा है” आदि नारों के साथ जिला मुख्यालय पर विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त को धूमधाम के साथ मनाया गया। आदिवासी समाज के इस आयोजन और चल समारोह में एकजुटता के साथ अपनी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोक नृत्य और अदम्य उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग अपने पारंपरिक परिधानों और वाद्ययंत्रों साहित तीरकमानों को हाथों में थामकर शामिल हुए। कार्यक्रम में युवा साथियों का जुनून और जनसैलाब देखते ही बन रहा था। जिससे आदिवासी संस्कृति, एकता और अधिकारों की गूंज जय जोहार के नारों के साथ पूरे गुना नगर में गूंज उठी।
दरअसल विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में विधानसभा बमौरी क्षेत्र के गांव तहसील बमोरी, खासकर सिरसी, केदारनाथ, फतेहगढ़, उमरी, म्याना सहित तहसील चाचौड़ा, राघौगढ़, आरोन और गुना ग्रामीण के दूरदराज जंगली इलाकों तथा ग्रामीण बस्तियों से बाइक रैली से गुना पहुंचे युवाओं में आदिवासी संस्कृति और एकता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। आदिवासी गायक कलाकार भीम कन्नौज आवाज डीजे की धुन पर हजारों की संख्या में समाजजन पारंपरिक उत्साह के साथ नाचते-गाते हुए रैली में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने आदिवासी संस्कृति, एकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहर के स्थानीय एक वाटिका में आदिवासी क्रांतिकारी योद्धाओं और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई। यहां प्रांगण में विशाल सभा आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभा को संबोधित करते हुए जयस के पूर्व जिलाध्यक्ष रणविजय सिंह भूरिया ने कहा कि जल, जंगल, जमीन आदिवासी समाज की पहचान और जीवन का आधार हैं। इनके संरक्षण के लिए सभी को एकजुट होकर हमें कार्य करना होगा। साथ ही आदिवासी समाज में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के रोजगार के क्षेत्र में बेहतर प्रयास करने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया। इसके पश्चात माता-बहनों, युवाओं और समाजजनों की उपस्थिति में रैली शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से गुना शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी जो वापस अंबेडकर चौराहे से होते हुए वाटिका पहुंचकर संपन्न हुई।
इस संबंध में जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) गुना के पूर्व जिलाध्यक्ष युवा नेता रणविजय भूरिया ने बताया कि आज विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में सभी समाज के युवा जयस साथियों ने एकजुटता का परिचय दिया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं समस्त मीडिया कर्मियों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। इस मौके पर श्री भूरिया ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है। मंच संचालन सुरेश पटेलिया ने किया।

