शिविर में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों मरीजों ने लिया निःशुल्क परामर्श
गुना। शहर के दलवी कॉलोनी स्थित प्रतिष्ठित चिकित्सीय संस्थान मीनाक्षी हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेन्टर की स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। सेवा के दो दशकों का सफर पूरा करने की खुशी में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही मरीजों का तांता लगा रहा, जहाँ सैकड़ों की संख्या में नगर व जिले भर से आए लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुमेर सिंह गढ़ा ने किया। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश सिंह कुशवाह एवं अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शिविर की शुरुआत की। इस अवसर पर सुमेर सिंह गढ़ा ने मीनाक्षी हॉस्पिटल की 21 वर्षों की अविश्वत सेवा यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होते हैं।
विशेषज्ञों ने दी नि:शुल्क सेवाएं
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ डॉ. बी.एस. कुशवाह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. के. श्रीवास्तव, जनरल सर्जन डॉ. बी.एल. कुशवाह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनमोल बाधवानी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. कमल किशोर मीना, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. डी.एस. कुशवाह एवं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत सिंह कुशवाह शामिल रहे।
नि:शुल्क जांचों का मिला लाभ
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शिविर में न केवल परामर्श बल्कि आवश्यक एक्स-रे और अन्य पैथोलॉजी जांचें भी पूरी तरह निःशुल्क की गईं। डॉ. डी.एस. कुशवाह ने बताया कि दिनभर चले इस शिविर में मरीजों की भारी भीड़ रही, जिन्हें विशेषज्ञ परामर्श के साथ-साथ गंभीर रोगों के उपचार हेतु उचित मार्गदर्शन भी दिया गया। अस्पताल की इस पहल को नगरवासियों ने सराहा है, जो पिछले 21 वर्षों से निरंतर जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।

