धार्मिक स्थलों पर पहुंचे श्रद्धालु, पिकनिक पार्टी का उठाया लुत्फ
गुना। नव वर्ष 2026 का आगाज लोगों ने श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया। सुबह से ही मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर नए वर्ष में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इधर तडक़े सुबह शहर के प्रसिद्ध स्थल श्री हनुमान टेकरी पर लोगों ने आरती में भाग लिया और हजारों श्रद्धालुओं ने मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया।
वहीं युवाओं और परिवार जनों ने नव वर्ष के अवसर पर पिकनिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर पहुंचकर जश्न मनाया। दोस्तों व परिजनों के साथ पिकनिक पार्टी, स्वादिष्ट भोजन और मनोरंजन के माध्यम से लोगों ने नए साल की खुशियों को साझा किया। कुल मिलाकर, नव वर्ष 2026 पूरे क्षेत्र में आस्था, उमंग और आनंद के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।
कलेक्टर, एसपी ने नगरवासियों को दीं शुभकामनाएं
नया वर्ष, नया संकल्प, विकसित गुना की कामना करते हुए गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने जिले के समस्त नागरिकों को नए वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दी। वहीं गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने भी सभी जिले वासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अपराध मुक्त गुना के लिए आमजन से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

