पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण व्यक्ति की मृत्यु के मामले में हत्या का प्रकरण किया दर्ज
गुना। पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों पर लगातार सख्ती बरतते हुए हिंसक अपराधों एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया और उनकी टीम द्वारा मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण व्यक्ति की मृत्यु के मामले में सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को चांचौड़ा थाने पर फरियादी रोड़या पुत्र रामकिशन अहिरवार उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम पटोंदी थाना चांचौड़ा के द्वारा आरोपी श्रीलाल उर्फ श्रीया अहिरवार निवासी ग्राम पटोंदी के विरुद्ध जमीन संबंधी रंजिश को लेकर लाठी से मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा तत्काल वैधानिक कार्यवाही करते हुए फरियादी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया था। दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को मजरूब रोड़या अहिरवार की मृत्यु हो जाने पर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मृत्यु के कारणों की जांच प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया । पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों द्वारा मृत्यु का कारण मारपीट के दौरान आई गंभीर चोटों के परिणामस्वरूप होना बताया गया । जांच के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों, प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य साक्षियों के कथन दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया । जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक की मृत्यु आरोपी द्वारा की गई मारपीट में आई गंभीर चोटों के परिणामस्वरूप हुई । जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 07 सितंबर 2026 को आरोपी श्रीलाल उर्फ श्रीया अहिरवार निवासी ग्राम पटोंदी के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 300/2026 धारा 115(2), 352, 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन प्रयास किए गए, जिसके तहत आज दिनांक 08 सितंबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपी श्रीलाल उर्फ श्रीया अहिरवार पुत्र सोमलाल अहिरवार उम्र 49 वर्ष निवासी ग्राम पटोंदी थाना चांचौड़ा जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस तत्पर कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया, उपनिरीक्षक मोहर सिंह गवली, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, प्रधान आरक्षक विष्णु गुर्जर, प्रधान आरक्षक अशोक यादव एवं आरक्षक अमित राजावत की सराहनीय भूमिका रही है ।

