थाना भवन, हवालात, शस्त्रागार, मालखाना, अभिलेख एवं शासकीय वाहनों का लिया जायजा
गुना। पुलिस अधीक्षक ने गत दिवस जिले के चांचौड़ा थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, शासकीय संसाधनों की स्थिति एवं पुलिस अधिकारियों- कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा थाना भवन, हवालात, शस्त्रागार, मालखाना, थाना रिकॉर्ड एवं शासकीय वाहनों सहित थाना परिसर में उपलब्ध विभिन्न संसाधनों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अभिलेखों एवं शासकीय संपत्ति के व्यवस्थित रख-रखाव तथा थाना स्तर पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी द्वारा थाना स्टाफ को अपराधों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि थाने पर प्राप्त होने वाली आमजन की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए तथा शिकायत की प्रकृति के अनुरूप नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने लंबित अपराधों एवं शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा फरियादियों को समयबद्ध एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना स्टाफ से संवाद कर उनके कार्य एवं ड्यूटी से संबंधित जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान थाना स्टाफ के हथियार संचालन संबंधी अनुभव एवं दक्षता को भी परखा गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से शासकीय हथियारों के संचालन एवं उपयोग संबंधी जानकारी ली तथा हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन में दक्ष रहने के निर्देश दिए।
थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का पूर्ण जिम्मेदारी, सजगता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करें। अपराध नियंत्रण एवं अपराधों के त्वरित निराकरण के साथ-साथ आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए।

